विकासनगर (संवाददाता) । राजावाला में रविवार को महिला स्वयं सहायता समूह की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को संबोधित करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मी कपरूवाण अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का अगला लक्ष्य अब लखपति दीदियों को करोड़पति दीदी बनाना है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में पहाड़ से लेकर मैदान तक महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक उत्थान के लिए किए गए प्रयासों का सकारात्मक असर दिखाई दे रहा है। स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में महिला समूहों और संगठनों के बीच पहुंचकर महिलाओं में सामाजिक एवं राजनीतिक चेतना बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मजबूत और आत्मनिर्भर मातृशक्ति ही विकसित उत्तराखंड की आधारशिला है। कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा और गरिमा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त हाईटेक टॉयलेट विकसित करने की घोषणा की है। प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, पर्यटन स्थलों और अन्य आवश्यक स्थानों पर इन सुविधाओं के विकसित होने से महिलाओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण मिलेगा। इनमें महिलाओं की निजता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। बताया कि उत्तराखंड रोडवेज बसों में महिलाओं को मिलने वाली मुफ्त यात्रा की सुविधा अब 60 वर्ष की आयु से लागू किए जाने की घोषणा की गई है। वर्तमान में 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को इस सुविधा का लाभ मिलता है।


