रेलवे ट्रैक पार कर रहा था झुंड, तभी आ गई तेज रफ्तार ट्रेन; नागपुर में कटकर 6 हिरणों की दर्दनाक मौत

0
11

नागपुर । नागपुर के कन्हान इलाके में मुंबई-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां तड़के रेलवे ट्रैक पार कर रहे हिरणों का एक झुंड अचानक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे छह हिरणों की मौके पर ही कटकर जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस ?????????? (दर्दनाक) घटना से इलाके में वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों में काफी निराशा है।
तुकाराम नगर इलाके में तड़के हुआ यह हादसा
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह हृदयविदारक घटना शनिवार तड़के 4 से 5 बजे के बीच नागपुर जिले के कन्हान रेलवे स्टेशन के पास स्थित तुकाराम नगर इलाके में हुई। तड़के के अंधेरे में हिरणों का एक बड़ा झुंड मुंबई-हावड़ा मेन लाइन से होकर गुजर रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रेन उस ट्रैक से गुजरी और जानवर खुद को बचा नहीं पाए। कन्हान पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस भीषण टक्कर में जिन छह हिरणों की मौत हुई है, उनमें पांच मादा और एक नर हिरण शामिल है।
ग्रामीणों की सूचना पर हरकत में आया वन विभाग
हादसे के कुछ देर बाद जब सुबह के समय स्थानीय लोग रेलवे ट्रैक की तरफ गए, तो उन्होंने पटरियों के पास मृत अवस्था में पड़े हिरणों को देखा। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए इस घटना की सूचना पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों को दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए ‘पंचनामाÓ किया। इसके बाद सभी मृत हिरणों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के स्पष्ट कारणों और समय को लेकर आधिकारिक रिपोर्ट तैयार की जा सके।
मध्य प्रदेश के कुएं में भी मिले थे 13 काले हिरणों के शव
वन्यजीवों की मौत का ऐसा ही एक खौफनाक मामला कुछ दिन पहले मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले से भी सामने आया था। वहां कालापीपल तहसील के खरदौन कलां गांव में एक कुएं से अचानक तेज दुर्गंध आने लगी। जब ग्रामीणों ने कुएं के अंदर देखा तो वहां कई जानवरों के शव पड़े हुए थे। इसकी सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। डीएफओ हेमलता शाह के मुताबिक, टीम ने उस कुएं से 13 काले हिरण (जिसमें चार नर और नौ मादा शामिल थे) और एक आवारा कुत्ते का शव बाहर निकाला था।