डिप्टी सीएम शिंदे के कार्यक्रम में बड़ी चूक, ‘वंदे मातरम् की जगह बजा दिया लता मंगेशकर का गाना, 4 मिनट तक खड़े रहे लोग

0
10

मुंबई । महाराष्ट्र के ठाणे जिले में आयोजित एक हाई-प्रोफाइल सरकारी कार्यक्रम में उस वक्त बेहद असहज स्थिति पैदा हो गई, जब आधिकारिक ‘वंदे मातरम्  की जगह कोई और ही गाना बजने लगा। सबसे बड़ी हैरानी की बात यह रही कि मंच पर खुद सूबे के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे मौजूद थे। इस भारी चूक के कारण पूरी सभा करीब चार मिनट तक मौन खड़ी रही। इस अजीबोगरीब घटना ने आयोजनकर्ताओं की बड़ी लापरवाही को उजागर कर दिया है, जिसके बाद खुद शिंदे को माइक संभालकर इस फजीहत के लिए माफी मांगनी पड़ी।
राष्ट्रगीत की जगह बजने लगा लता मंगेशकर का एलबम
दरअसल, ठाणे में आयोजित इस अहम सरकारी कार्यक्रम में जब डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे मंच पर पहुंचे, तो प्रोटोकॉल के तहत कार्यक्रम की शुरुआत में ‘वंदे मातरम्Ó के गायन की घोषणा की गई। सम्मान में वहां मौजूद सभी लोग अपनी जगह पर सावधान की मुद्रा में खड़े हो गए, लेकिन तभी स्पीकर पर आधिकारिक गीत की जगह स्वर कोकिला भारत रत्न लता मंगेशकर के एक पुराने प्राइवेट एलबम का गाना बजने लगा। हालांकि इस गीत के बोल भी ‘वंदे मातरम्Ó ही थे, लेकिन यह वह वास्तविक स्वरूप नहीं था जिसे सरकारी आयोजनों में बजाया जाना अनिवार्य है।
4 मिनट तक खामोश रहा पूरा पंडाल, शिंदे ने दी सख्त हिदायत
गलत गीत बजने के बावजूद सम्मान की खातिर पूरी सभा और मंच पर मौजूद तमाम नेता करीब चार मिनट तक शांति से खड़े रहे। डिप्टी सीएम शिंदे के हाव-भाव से साफ झलक रहा था कि उन्हें भी इस चूक का तुरंत अहसास हो गया था। गाना खत्म होने के बाद जब शिंदे ने लोगों को संबोधित करना शुरू किया, तो उन्होंने सबसे पहले इस गलती के लिए खुले मंच से खेद जताया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि भविष्य में राष्ट्रगीत या देशभक्ति से जुड़े किसी भी कार्यक्रम में ऐसी लापरवाही बिल्कुल नहीं होनी चाहिए और विशेष सावधानी बरती जाए। यह वाकया ऐसे वक्त में हुआ है, जब देश में वंदे मातरम् को लेकर पहले से ही सियासी बयानबाजी का दौर तेज है।
ठाणे से रहा है शिंदे का पुराना सियासी दबदबा
गौरतलब है कि ठाणे से एकनाथ शिंदे का बेहद मजबूत और पुराना राजनीतिक रिश्ता रहा है। उन्होंने अपने सियासी सफर की शुरुआत यहीं से की थी और 2024 का विधानसभा चुनाव भी उन्होंने ठाणे की कोपरी-पांचपाखाड़ी सीट से ही जीता है। वह साल 2009 से लगातार इस सीट से विधायक चुने जा रहे हैं। इससे पहले वह 2004 से 2009 तक ठाणे विधानसभा सीट से विधायक रहे। मालूम हो कि साल 2022 में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना से बगावत कर शिंदे भाजपा के समर्थन से मुख्यमंत्री बने थे। वहीं, हालिया विधानसभा चुनाव में भाजपा-शिवसेना गठबंधन की जीत के बाद ज्यादा सीटें होने के कारण भाजपा के पास सीएम पद गया और एकनाथ शिंदे ने डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी संभाली है।